

Jan Suraaj
29 Mar 2026
Prashant Kishor
Bhagalpur
भागलपुर दौरे पर पीके ने कहा – जन सुराज की आवाज के बाद सरकार की आंख खुली, SIT और CBI जांच हुई; जब तक न्याय नहीं, संघर्ष जारी रहेगा।
भागलपुर, 29 मार्च 2026 — जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर रविवार को भागलपुर जिले में पहुंचे। वे 'बिहार नवनिर्माण अभियान' के तहत राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे हर जिले में संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
इसी क्रम में वे आज भागलपुर पहुंचे, जहां एमजी रोड, कचहरी चौक पेट्रोल पंप के पास स्थित वैभव होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था। उस समय जन सुराज की ओर से यह घोषणा की गई थी कि बिहार में बनी नई सरकार को अपने वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद 'बिहार नवनिर्माण अभियान' के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि इस अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं।
वहीं, पटना के नीट छात्रा मामले पर प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार ने इस मामले को तीन दिन में ही रफा-दफा करने की कोशिश की थी। यह पहली बार था जब जन सुराज ने आवाज उठाई और मैं छात्रा के घर गया, तब सरकार की आंख खुली। इसके बाद सरकार ने SIT का गठन किया। जब जन सुराज ने SSP पर दबाव बनाया, तब संबंधित थाने के अधिकारियों को निलंबित किया गया। फिलहाल मामले की जांच CBI कर रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार ने यह स्वीकार किया है कि छात्रा के साथ गंभीर घटना हुई थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। हालांकि, यह हत्या है या आत्महत्या, इसका कोई स्पष्ट प्रमाण मेरे पास उपलब्ध नहीं है। लेकिन यह स्पष्ट है कि छात्रा के साथ गंभीर अन्याय हुआ है और उसे न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है। जिस घटना को पटना पुलिस, SIT और CBI अब तक सुलझा नहीं पाई हैं, उससे यह स्पष्ट है कि इसमें प्रभावशाली लोग शामिल हैं। इसलिए जांच एजेंसियां भी दबाव में हैं। पीके ने आरोप लगाया कि समय के साथ इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, जब तक जन सुराज बिहार में है, छात्रा को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। CBI की रिपोर्ट आने के बाद यदि उसमें कोई कमी पाई जाती है और परिवार व समाज संतुष्ट नहीं होता है, तो जन सुराज पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आगे भी खड़ा रहेगा।
जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसकी प्राथमिकता बिहार नहीं बल्कि गुजरात होगी: प्रशांत किशोर
बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार चुनाव में जीत दिलाने वाले लोग ही यह तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसकी प्राथमिकता बिहार नहीं बल्कि गुजरात होगी। पीके ने कहा कि ऐसे मुख्यमंत्री की प्राथमिकता यह होगी कि गुजरात के सूरत और जामनगर की फैक्ट्रियों में काम कर रहे बिहार के लाखों युवाओं की संख्या कम न हो। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह नहीं होगी कि ये लोग बिहार लौटकर यहां रोजगार करें।
मौके पर पटना से पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, जेपी सिंह, ललन यादव, मो शब्बीर, पवन चौधरी, निशिकान मण्डल, सुधांशु कुमार, मनोहर मण्डल, धर्मेश कुमार, नीतीश सिंह, मो नियाज़ुद्दीन, राहुल यादव सहित अन्य मौजूद थे।
इसे शेयर करें